शिमला। हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी में फिर से शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो रही है। 18 सितंबर काे एचपीयू में सलेक्शन बोर्ड की बैठक होगी। इस बैठक में भर्ती करवाने का शेड्यूल जारी होगा। बताया जा रहा है कि 21 सितंबर से भर्ती शुरू हो जाएगी। प्रशासन की ओर से 200 पदों पर भर्ती की जानी है। सूत्रों का कहना है कि सभी पदों पर अक्टूबर माह में भर्ती प्रक्रिया पूरी करवा दी जाएगी। हाल ही में विवि की ओर से 11 शिक्षकों के पदों पर भर्ती की गई थी। इसके लिफाफे अभी तक नहीं खुले हैं। लिफाफे खुलने का मामला राज्यपाल के पास लंबित पड़ा हुआ है। इस कारण भर्ती प्रक्रिया पर कई सवाल उठने लगे हैं। कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी का कहना है कि भर्ती को लेकर सलेक्शन बोर्ड की बैठक होगी। उसके बाद भर्ती की तिथि को तय किया जाएगा।
बड़ा सवाल: क्या इस बार सार्वजनिक होगा रिजल्ट
अब सवाल सिर्फ एक ही उठ रहा है कि विवि प्रशासन भर्ती तो करवा रहा है, लेकिन उसके परिणाम को सार्वजनिक किया भी जाएगा या नहीं। भाजपा व एबीवीपी भर्ती में धांधली का आरोप लगा रहे हैं। भाजपा ने इस संबंध में राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा है। एबीवीपी, भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को लाभ पहुंचाया जा रहा है। चहेतों को फायदा पहुंचाने के लिए टेली शीट में उन अभ्यर्थियों के फार्म को निरस्त कर दिया, जो इसके लिए योग्य थे। कई उम्मीदवारों को साक्षात्कार पत्र भी नहीं भेजे गए हैं।
तीन साल से प्रशासन नाकाम
शिक्षकों की भर्ती करवाने में विवि प्रशासन पिछले तीन वर्ष से नाकाम रहा है। इससे पहले शिक्षकों के 37 पदों के लिए विवि ने 2012 में साक्षात्कार लिए थे। यह मामला कोर्ट के विचाराधीन है। राज्यपाल आचार्य देवब्रत ने कहा है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है। एेसे में उन 11 शिक्षकों के लिफाफे खोलना सही नहीं होगा, जब तक इसकी जांच न हो। एेसे में छात्रों को शिक्षक नहीं मिल रहे हैं।
छह माह की दी एक्सटेंशन
विवि के नियमों को देखें तो जब तक विज्ञापित किए गए पदों की अवधि होती है, तब तक ही इस पर साक्षात्कार करवाए जाते हैं। जब इसकी अवधि समाप्त हो जाए, तब नए सिरे से भर्तियों के लिए पद विज्ञापित करने पड़ते हैं और अभ्यर्थियों को दोबारा से आवेदन करना पड़ता है। ऐसे में अब विवि प्रशासन ने छह माह की एक्सटेंशन इस विज्ञापन को दी है। इसमें शिक्षकों के अलावा गैर शिक्षकों के कई पद भी शामिल हैं।
सरकारी नौकरी - Army /Bank /CPSU /Defence /Faculty /Non-teaching /Police /PSC /Special recruitment drive /SSC /Stenographer /Teaching Jobs /Trainee / UPSC