मंडी (रजनीश): मंडी में प्रदेश का दूसरा विश्वविद्यालय एक महीने के अंदर अपना कामकाज शुरू कर देगा। मंडी में प्रदेश का दूसरा विश्वविद्यालय खोलने की अधिसूचना इसी माह जारी की जाएगी। यह बात वीरवार को मंडी में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रयासों से प्रदेश का यह दूसरा विश्वविद्यालय शुरू होने जा रहा है। जिससे मंडी व कुल्लू के अलावा कांगड़ा जिला को भी फायदा होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार हिमाचल में जल्द ही शिक्षकों के 4000 पद भरने के साथ इस साल एनटीटी की नियुक्ति भी करेगी।
ऑनलाइन कक्षाओं की एवज में पूरी फीस नहीं वसूल सकते निजी स्कूल
गोविंद ठाकुर ने कहा कि कोविड के दौरान निजी स्कूलों द्वारा करवाई जा रही ऑनलाइन कक्षाओं की एवज में निजी स्कूल संचालक पूरी फीस नहीं वसूल कर सकेंगे। इस पर सरकार पहले ही स्थिति स्पष्ट कर चुकी है। अगर फीस वसूली की शिकायतें आएंगी तो सरकार निजी स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
जयराम के नेतृत्व में फिर से बनेगी भाजपा की सरकार
गोविंद ठाकुर ने कहा कि जयराम सरकार ने अपने 4 वर्षों के स्वर्णिम कार्यकाल में हर व्यक्ति, हर वर्ग, हर क्षेत्र के विकास का ख्याल रखा है। शिक्षा मंत्री ने दावा किया कि इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। इस मौके पर पर नाचन के विधायक विनोद कुमार और बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, नगर निगम की मेयर दीपाली जसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह और सुंदरनगर जिला भाजपा अध्यक्ष दलीप ठाकुर उपस्थित रहे।